
रायपुर
ऑटो चालक की हत्या की मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा है। पकड़े गये मुख्य आरोपी ने मां से अवैध संबंध के शक में ऑटो चालक चंदन यादव की हत्या कर दी थी। पुलिस ने एक आरोपी को बिहार और दूूसरे आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार किया है।
सरोना निवासी मनीष यादव ने डीडी नगर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका बड़ा भाई चंदन यादव ऑटो चलाने का काम करता है. 24 सितंबर को सुबह काम पर निकलने के बाद देर रात तक वापस नहीं लौटा था. दूसरे दिन पता चला कि कार शो रूम के पीछे एक व्यक्ति का शव पड़ा है. शव की पहचान अपने भाई चंदन यादव के रूप में की. किसी ने चंदन की हत्या कर पहचान छिपाने के उद्देश्य से उसके सिर व चेहरा की चमड़ी को छिल दिया था. जिस पर अज्ञात आरोपी के विरूद्ध थाना डीडी नगर में अपराध क्रमांक 473/22 धारा 302, 201 भादवि. का अपराध पंजीबद्ध किया गया.
घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी कृष्णा पटेल ने शहर ASP अभिषेक माहेश्वरी को जाँच कर आरोपी को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। ASP के नेतृत्व में सायबर सेल की टीम और डीडी नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। जाँच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना से एक दिन पहले 24 सितंबर को मृतक चंदन यादव सरोना निवासी आकाश सिंह उर्फ रामू एवं दीनानाथ यादव उर्फ दीना को एक साथ देखा गया था।
टीम के सदस्यों ने दीना को बिहार और मुख्य आरोपी आकाश सिंह उर्फ रामू को रायपुर से गिरफ्तार किया गया। कड़ाई से पूछताछ में आकाश ने बताया कि मृतक चंदन यादव उसकी मां के साथ अवैध संबंध बनाने की कोशिश कर रहा था। इस बात से वो काफी गुस्से में था। इसी का बदला लेने आकाश ने अपने साथी दीनानाथ उर्फ दीना के साथ मिलकर चंदन यादव की हत्या करने की योजना बनाई।योजना के अनुसार दोनों ने मोबाईल फोन से चंदन को फोन कर घटना स्थल बुलाया और यहां पर आटो में बैठकर तीनों ने जमकर शराब पी। इस दौरान चंदन को नशा होने पर आरोपियों ने आटो में रखे टूल किट से चंदन यादव के सिर पर वार कर हमला किया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद दोनों शव को वहीं छोड़ आटो को कुछ दूरी में खड़ा कर फरार हो गये थे।



