छत्तीसगढ़

CG: BJP ने किया चक्काजाम..CSP आशीष बंछोर का अंगूठा तोड़ा.. बीजेपी कार्यकर्ता के खिलाफ़ FIR दर्ज..

दुर्ग। बीजेपी की भिलाई जिला इकाई ने शहर के चौक चौराहों के गड्ढों में भरे पानी में मछली पकड़कर विरोध प्रदर्शन किया। भाजपाइयों ने चक्काजाम करने की कोशिश भी की। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें समझाने की कोशिश की, तो एक युवा भाजपा नेता ने छावनी सीएसपी आशीष बंछोर का हाथ इतना मरोड़ दिया कि अंगूठा टूट गया। पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
मंगलवार शाम नेहरू नगर गुरुद्वारा के पानी से भरे गड्ढों में मछली डाली और फिर उसे पकड़ते हुए प्रदर्शन किया। सूचना पर यहां एएसपी सिटी संजय ध्रुव, सीएसपी भिलाई नगर निखिल राखेचा और सीएसपी छावनी आशीष बंछोर दल बल के साथ पहुंचे थे।
भाजपा नेता जब हाइवे के पास चक्काजाम करने की कोशिश की तो पुलिस अफसरों ने उन्हें ऐसा करने से रोका। अधिकारियों ने भाजपाई से कहा कि चक्काजाम की सूचना नहीं दी गई थी। इसलिए ऐसा करना गलत होगा। इसी दौरान एक भाजयुमो नेता ने सीएसपी बंछोर का अंगूठा पकड़कर मोड़ दिया। इससे उनके अंगूठे में फ्रैक्चर हो गया। इसके बाद पुलिस और भाजपा नेताओं में काफी बहस और जमकर धक्कामुक्की हुई।
भाजपा और पुलिस की धक्कामुक्की में सीएसपी छावनी आशीष बंछोर के अंगूठे का लिगामेंट हट गया। साथ ही हड्डी में हल्का फ्रैक्चर हुआ है। उन्होंने एक निजी अस्पताल में अपना इलाज कराया। सीएसपी बंछोर का कहना है कि उनके अंगूठे में फ्रैक्चर हुआ है।
पुलिस ने सुपेला थाने में बीजेपी कार्यकर्ता के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने सहित कई अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

Leave a Reply

Back to top button