छत्तीसगढ़

CG- विधायक के रिश्तेदार के घर लाखों रुपए की चोरी का खुलासा.. गोवा से 4 आरोपी गिरफ्तार..3 किलो सोना, 18 किलो चांदी और 6 लाख कैश बरामद..

दुर्ग

पूर्व मंत्री और भाजपा विधायक बृजमोहन अग्रवाल के रिश्तेदार पंकज राठी के घर हुई लाखों रुपए की चोरी का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में 4 आरोपियों को गोवा से गिरफ्तार किया है।चोरों से 3 किलो सोना 18 किलो चांदी 6 लाख रुपये कैश समेत 3 करोड से ज्यादा का माल बरामद किया है। माना जा रहा है कि चोरों से 100% रिकवरी हुई है। पुलिस टीम ने 3 दिनों में 5000 किलोमीटर से ज्यादा तक पीछा कर चोरों को गिरफ्तार किया है। चोरों ने कई अन्य चोरियों को अंजाम देना स्वीकार किया है। चोरी का मास्टरमाइंड 12 साल नागपुर जेल में भी रह चुका है। घटना पदमनाभपुर थाना क्षेत्र की है।

बता दें कि  7 फरवरी को ओल्ड आदर्श नगर दुर्ग स्थित पंकज राठी के घर में तीन करोड़ रुपए से अधिक की चोरी हुई थी। पंकज राठी पेशे से सिविल कांट्रैक्टर और पूर्व मंत्री और भाजपा विधायक बृजमोहन अग्रवाल के रिश्तेदार हैं। वे अपने पूरे परिवार के साथ घर में ताला लगाकर बृजमोहन अग्रवाल की बेटी की शादी में शामिल होने रायपुर गए थे। वहां से सोमवार शाम वापस लौटे तो पता चला कि उनके घर का ताला टूटा हुआ है। उनके घर की आलमारी तोड़कर करीब तीन किलो सोना, 18 किलो चांदी के जेवर और 10 लाख रुपये नकद चोरी कर लिए थे। एसपी दुर्ग ने इस हाई प्रोफाइल चोरी के लिए क्राइम ब्रांच की टीम को लगाया। टीम ने  चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 3 करोड़ रुपए से अधिक का माल जब्त किया है।

Back to top button