छत्तीसगढ़

दंतेवाड़ा में मेटाडोर चालक की संदिग्ध मौत, वायरल वीडियो के बाद मर्सिडीज चालक जांच के घेरे में..

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के गीदम क्षेत्र में एक मेटाडोर चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक ने मौत से पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर एक लग्जरी कार चालक और उसके साथियों पर मारपीट के गंभीर आरोप लगाए थे। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, गीदम निवासी ताम्रध्वज साहू का बंजारी घाट के पास एक मर्सिडीज कार से टक्कर के बाद विवाद हो गया था। आरोप है कि विवाद के दौरान कार चालक और उसके साथियों ने मेटाडोर चालक के साथ मारपीट की।

बताया जा रहा है कि घटना के बाद ताम्रध्वज साहू ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने पूरे घटनाक्रम का जिक्र करते हुए संबंधित लोगों पर गंभीर आरोप लगाए। इसके कुछ समय बाद उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस वायरल वीडियो, कॉल डिटेल और संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ सहित विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों और घटना से जुड़े तथ्यों पर स्पष्ट स्थिति सामने आएगी। फिलहाल मामले की विवेचना जारी है।

Leave a Reply

Back to top button