छत्तीसगढ़

पुलिस की कथित धमकी से टूटी महिला, जंगल में लगाई फांसी..

कोरिया। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के भरतपुर विकासखंड के कोटाडोल थाना क्षेत्र से एक महिला की आत्महत्या का मामला सामने आया है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि थाना में कथित पुलिस व्यवहार और कार्रवाई की चेतावनी के बाद महिला मानसिक रूप से तनाव में आ गई थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम करचा में दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद दोनों पक्षों कोटाडोल थाना पहुंचे थे। परिजनों का आरोप है कि थाना में पुलिस द्वारा कथित रूप से अमर्यादित व्यवहार और चालानी कार्रवाई की चेतावनी दिए जाने के बाद महिला काफी घबरा गई थी।

परिजनों के मुताबिक, थाना से लौटने के बाद महिला पूरी रात तनाव में रही और लगातार रोती रही। अगले दिन सुबह वह घर से निकल गई और पास के जंगल में जाकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। गांव में शोक के साथ-साथ आक्रोश का माहौल है। परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि यदि महिला पर कथित दबाव नहीं बनाया गया होता तो वह इतना बड़ा कदम नहीं उठाती। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच प्रारंभ कर दी गई है। आत्महत्या के वास्तविक कारणों और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की सत्यता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Back to top button