छत्तीसगढ़

सकुरा साइंस प्रोग्राम 2026: धमतरी की सुनैना और समीक्षा अंतरराष्ट्रीय मंच पर बिखेरेंगी जलवा..

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले की दो छात्राओं ने अपनी वैज्ञानिक सोच और नवाचार से देश का नाम रोशन किया है। इंस्पायर अवार्ड मानक योजना के तहत जिले की दो प्रतिभाशाली छात्राओं का चयन जापान में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी (सकुरा साइंस हाईस्कूल प्रोग्राम) के लिए हुआ है। दोनों छात्राएं अपने अभिनव विज्ञान मॉडल के साथ भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

शासकीय माध्यमिक शाला देवरी की छात्रा कु. सुनैना और कुरूद विकासखंड के शासकीय माध्यमिक शाला कोसमर्रा की छात्रा कु. समीक्षा ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यह उपलब्धि हासिल की है। दोनों छात्राएं 25 जून को धमतरी से नई दिल्ली के लिए रवाना हुईं, जबकि 27 जून को वे जापान के लिए प्रस्थान करेंगी। कार्यक्रम में भाग लेने के बाद उनका भारत लौटना 4 जुलाई को प्रस्तावित है।

कु. सुनैना का मॉडल अनाज की बर्बादी रोकने और बोरी की आयु बढ़ाने के लिए तैयार की गई हुक फंसाने वाली नाड़ीनुमा रस्सी पर आधारित है। वहीं कु. समीक्षा ने ऐसा मॉडल विकसित किया है, जिसमें पात्र भर जाने पर पानी का नल स्वतः बंद हो जाता है, जिससे पानी की बर्बादी रोकी जा सकती है।

दोनों छात्राओं की इस उपलब्धि पर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा, जिला शिक्षा अधिकारी मधुलिका तिवारी, जिला नोडल अधिकारी (इंस्पायर अवार्ड) देवेश सूर्यवंशी और विकासखंड शिक्षा अधिकारी कुरूद ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

यह सफलता न केवल धमतरी बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। दोनों छात्राएं अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय नवाचार और युवा वैज्ञानिक प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।

Leave a Reply

Back to top button