धमतरी। धमतरी-सिहावा मार्ग पर सोमवार 25 मई को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। लगातार हुई दुर्घटनाओं से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पहली घटना डोंगाडुला के पास की है। जानकारी के मुताबिक छिपली निवासी वीरेश पटेल (16) और दीपक विश्वकर्मा बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान डोंगाडुला से आगे उनकी बाइक किसी अज्ञात वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सड़क किनारे लगे तार के घेराव में जा फंसी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने दोनों घायलों को नगरी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों को धमतरी जिला अस्पताल रेफर किया, लेकिन रास्ते में वीरेश पटेल की मौत हो गई। वहीं दीपक विश्वकर्मा का इलाज जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
वहीं दूसरी घटना केरेगांव-गट्टासिली मार्ग स्थित एक खतरनाक मोड़ पर हुई। बताया जा रहा है कि नगर पंचायत नगरी की फायर ब्रिगेड धमतरी की ओर जा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार फायर ब्रिगेड वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी क्रूजर वाहन से जा टकराया।
हादसा इतना भयावह था कि फायर ब्रिगेड वाहन सीधे क्रूजर के ऊपर चढ़ गया। दुर्घटना में चालक मनोज उर्फ राजू साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कंडक्टर गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया गया।
दोनों सड़क हादसों की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है।



