छत्तीसगढ़

अश्लील डांस मामला: अपेरा कार्यक्रम के स्टेज पर आपत्तिजनक प्रदर्शन करने वाली डांसर गिरफ्तार..

गरियाबंद। देवभोग थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम उरमाल में अपेरा (ऑर्केस्ट्रा) कार्यक्रम की आड़ में हुए अश्लील डांस के मामले में पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में देवभोग पुलिस ने ओडिशा के जाजपुर जिले की रहने वाली डांसर सुचित्रा जेना को उसके निवास ग्राम से गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ पुलिस की एक विशेष टीम द्वारा ओडिशा जाकर की गई।

ग्राम उरमाल में 8 और 9 जनवरी को आयोजित अपेरा नृत्य-संगीत कार्यक्रम के दौरान खुलेआम अश्लील डांस किया गया था। इस संबंध में स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों की ओर से कड़ी आपत्ति दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद देवभोग थाना में आयोजकों और कलाकारों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि 8 जनवरी को हुए कार्यक्रम में ओडिशा की डांसर सुचित्रा जेना ने आपत्तिजनक नृत्य किया था, जिसके आधार पर उसे मामले में सहआरोपी बनाया गया।

देवभोग पुलिस ने सुचित्रा जेना को गिरफ्तार कर ओडिशा के थाना धर्मसाला, जिला जाजपुर में पेश किया, जहां से उसे निजी मुचलका पर रिहा कर दिया गया। पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296 तथा 3/5 के तहत कार्रवाई की है। इस दौरान देवभोग पुलिस की टीम ओडिशा में ही मौजूद रही और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।

गरियाबंद पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने पूरे मामले की पुष्टि करते हुए कहा है कि अश्लीलता फैलाने वाले किसी भी कार्यक्रम या व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सामाजिक मर्यादा और कानून व्यवस्था के खिलाफ जाने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस आयोजकों की भूमिका, अनुमति प्रक्रिया और कार्यक्रम की पूरी रूपरेखा की भी जांच कर रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

Leave a Reply

Back to top button