बलौदाबाजार। हिंसा केस में पुलिस ने तोड़फोड़ और आगजनी मामले में छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के अध्यक्ष अमित बघेल को गिरफ्तार किया है। बलौदाबाजार पुलिस अमित बघेल को रायपुर जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर बलौदाबाजार लेकर पहुंची। कोर्ट ने 2 दिन की न्यायिक रिमांड पर भेजा है।
पूर्व में भी 11 जनवरी को उक्त मामले में संलिप्त छत्तीसगढ़ क्रांति सेना एवं जोहार पार्टी से अजय यादव एवं दिनेश कुमार वर्मा उर्फ मंडल को भी गिरफ्तार किया गया था। आगजनी की घटना में शामिल अन्य आरोपियों के संबंध में पहचान कर, गिरफ्तारी की कार्रवाई की जा रही है।
मामले में बलौदा बाजार एसपी भावना गुप्ता ने मीडिया को बताया कि “बलौदा बाजार हिंसा मामले में अब तक 13 एफआईआर दर्ज कर कुल 199 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार लोगों से लगभग 100 इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जप्त किए गए हैं और उनकी फोरेंसिक जांच करवाई जा रही है। मामला अभी अंडर ट्रायल है।
जानिए हिंसा वाले दिन 10 जून को क्या हुआ ?
सतनामी समाज की ओर से 10 जून को शांतिपूर्ण प्रदर्शन बुलाया गया। प्रशासन की अनुमति से कलेक्ट्रेट के पास दशहरा मैदान में प्रदर्शन कर रहा था। अचानक से लोग उग्र हो गए और बवाल बढ़ता चला गया। हिंसा के दौरान कलेक्टर-एसपी दफ्तर में आगजनी की गई। कई गाड़ियां जला दी गई।
उपद्रवियों ने 75 बाइक, 20 कार और 2 दमकल वाहन को आग के हवाले कर दिया। लोगों ने कलेक्ट्रेट में खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ की। इसके बाद कुछ लोगों ने कलेक्ट्रेट में आगजनी की। इससे कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर खाक हो गए। कलेक्टर कार्यालय के सामने स्थित ध्वजारोहण के पोल पर सफेद रंग का ध्वज लगा दिया था।



