कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले के ग्राम पंचायत पोंडी में गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक ट्रांसफार्मर में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास रहने वाले लोग डर के कारण घरों से बाहर निकल आए।
जानकारी के मुताबिक, घटना ग्राम पंचायत पोंडी के वार्ड क्रमांक 7 की है। बताया जा रहा है कि ट्रांसफार्मर में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके बाद उसमें तेज लपटें उठने लगीं। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और आसमान में काले धुएं का गुबार फैल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी भयानक थी कि ट्रांसफार्मर के पास खड़े वाहन और आसपास के मकानों तक खतरा पैदा हो गया था। लोग दहशत में इधर-उधर भागते नजर आए। घटना की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने आग पर काबू पाया।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ट्रांसफार्मर धधकता हुआ दिखाई दे रहा है। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। फिलहाल प्रशासन मामले की जांच में जुटा हुआ है।



