छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस में नई नियुक्तियां: रायपुर-बिलासपुर में शहर और ग्रामीण इकाइयों की मिली अलग-अलग कमान, देखें पूरी लिस्ट..

रायपुर। छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस में संगठनात्मक विस्तार के तहत नई नियुक्तियां की गई हैं। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा की मंजूरी के बाद जारी नियुक्ति आदेश प्रदेश महिला कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष संगीता सिन्हा को भेजा गया है। नई नियुक्तियों के बाद प्रदेश के राजनीतिक और संगठनात्मक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

इस बार नियुक्तियों में क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व के साथ सामाजिक समीकरणों को भी ध्यान में रखे जाने की चर्चा है। खास तौर पर रायपुर और बिलासपुर जिले में शहर एवं ग्रामीण इकाइयों के लिए अलग-अलग अध्यक्षों की जिम्मेदारी तय की गई है।

बिलासपुर में प्रीति पाटनवार और सीमा पांडेय को जिम्मेदारी

बिलासपुर शहर महिला कांग्रेस की अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी अन्य पिछड़ा वर्ग से आने वाली प्रीति पाटनवार को सौंपी गई है। वहीं, बिलासपुर ग्रामीण महिला कांग्रेस का नेतृत्व सामान्य वर्ग से आने वाली सीमा पांडेय करेंगी।

सीमा पांडेय की नियुक्ति भी चर्चा में है। बताया गया है कि कुछ महीने पहले ही पार्टी से उनका निष्कासन समाप्त हुआ था। इसके बाद उन्हें ग्रामीण महिला कांग्रेस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।

रायपुर में प्रगति बाजपेयी और बरखा साहू को कमान

राजधानी रायपुर में भी महिला कांग्रेस ने शहर और ग्रामीण इकाइयों के लिए अलग-अलग अध्यक्ष नियुक्त किए हैं। रायपुर शहर महिला कांग्रेस की जिम्मेदारी प्रगति बाजपेयी को दी गई है, जबकि रायपुर ग्रामीण महिला कांग्रेस की कमान बरखा साहू को सौंपी गई है।

इन नियुक्तियों को संगठन में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की अलग-अलग नेतृत्व व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

संगठनात्मक विस्तार के साथ सामाजिक समीकरणों पर चर्चा

महिला कांग्रेस की नई नियुक्तियों के बाद पार्टी के भीतर क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व और सामाजिक भागीदारी को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, नियुक्तियों के पीछे किसी विशेष राजनीतिक गुट या वरिष्ठ नेता की भूमिका को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

अब नई पदाधिकारियों के सामने महिला कांग्रेस को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, महिलाओं को संगठन से जोड़ने और आगामी राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की चुनौती होगी।

 

 

 

Leave a Reply

2

Back to top button