छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़: कन्या छात्रावास के बंद कमरे में मिली 12वीं की छात्रा की लाश, मचा हड़कंप..

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के दुर्गूकोंदल स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस कन्या आवासीय विद्यालय में कक्षा 12वीं की एक आदिवासी छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। सोमवार शाम छात्रावास के कमरे का दरवाजा खोलने पर छात्रा का शव पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची। फिलहाल छात्रा की मौत के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है।

कमरे का दरवाजा खोलने पर मिली छात्रा की लाश

जानकारी के अनुसार, मृत छात्रा तुमरीसुर गांव की रहने वाली थी और पिछले करीब छह वर्षों से इसी छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रही थी। वह कक्षा 12वीं के विज्ञान संकाय की छात्रा थी।

बताया गया कि 23 अक्टूबर को तबीयत खराब होने के कारण उसके पिता उसे घर ले गए थे। इसके बाद 26 अक्टूबर की सुबह उसके मामा उसे वापस छात्रावास छोड़ने आए थे।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सोमवार दोपहर के बाद छात्रा कक्षा में नहीं गई और अपने कमरे में ही रही। शाम करीब पांच बजे जब अन्य छात्राएं अपने कमरे में लौटीं, तो उसका कमरा अंदर से बंद मिला। छात्रावास अधीक्षक को सूचना देने के बाद दरवाजा खोला गया, जहां छात्रा का शव मिला।

पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। भानुप्रतापपुर के एसडीएम अनिकेत फडतरे सहित अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया। छात्रा के परिजन भी मौके पर पहुंचे।

फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर आवश्यक भौतिक साक्ष्य जुटाए। जरूरी कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भानुप्रतापपुर लाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

मौत की वजह अब तक स्पष्ट नहीं

बताया जा रहा है कि छात्रा पढ़ाई में अच्छी थी और लंबे समय से छात्रावास में रहकर शिक्षा प्राप्त कर रही थी। उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है।

दुर्गूकोंदल पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही चल सकेगा।

Leave a Reply

Back to top button