छत्तीसगढ़

स्कूल से घर लौटते ही बिगड़ी 7 बच्चों की तबीयत, रतनजोत के बीज खाने की आशंका..

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के मातोली गांव में रतनजोत (जटरोफा) के बीज खाने से प्राथमिक स्कूल के सात बच्चे बीमार पड़ गए। बच्चों की तबीयत बिगड़ने के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया। सभी बच्चों को पखांजूर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

जानकारी के मुताबिक, स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों ने कथित तौर पर स्कूल समय के दौरान रतनजोत के बीज खा लिए थे। मंगलवार को घर लौटने के बाद बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। उन्हें उल्टी, पेट दर्द और घबराहट जैसी शिकायतें होने लगीं। इसके बाद परिजन आनन-फानन में बच्चों को अस्पताल लेकर पहुंचे।

समय पर इलाज मिलने से बच्चों की हालत में सुधार

डॉक्टरों के अनुसार, समय पर उपचार मिलने से सभी सात बच्चे अब खतरे से बाहर हैं। हालांकि, इस घटना ने स्कूल में बच्चों की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

परिजनों ने स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका सवाल है कि स्कूल समय के दौरान बच्चों तक जहरीले बीज कैसे पहुंचे और उनकी निगरानी क्यों नहीं की गई।

वहीं, प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि बच्चों ने किन परिस्थितियों में बीज खाए और क्या स्कूल स्तर पर निगरानी में कोई चूक हुई थी। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Back to top button