बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में रायपुर-पलारी मार्ग पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। तीनों युवक आपस में मौसेरे भाई थे और नवरात्रि के अवसर पर पलारी जा रहे थे। घोटिया मोड़ के पास उनकी तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान तीनों ने दम तोड़ दिया।
ट्रक से टकराई बाइक, तीनों युवक गंभीर रूप से घायल
मिली जानकारी के अनुसार, कोरासी गांव के प्रेम धीवर (18), राज धीवर (18) और खिलेश्वर धीवर (18) सोमवार देर रात बाइक से पलारी जा रहे थे। इसी दौरान पलारी थाना क्षेत्र के घोटिया मोड़ के पास उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर पलारी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान प्रेम धीवर की बलौदाबाजार अस्पताल में मौत हो गई। वहीं, राज धीवर और खिलेश्वर धीवर की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रायपुर के डीकेएस अस्पताल रेफर किया गया था।
रायपुर में इलाज के दौरान दो भाइयों ने भी तोड़ा दम
राज धीवर और खिलेश्वर धीवर का रायपुर के डीकेएस अस्पताल में इलाज चल रहा था। बुधवार को इलाज के दौरान दोनों की भी मौत हो गई। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, प्रेम और खिलेश्वर कोरासी गांव के रहने वाले थे, जबकि राज धीवर पलारी में रहता था। प्रेम के पिता दौदे में होटल चलाते हैं और प्रेम भी उनके साथ काम करता था।
घोटिया मोड़ पर हादसे ने फिर बढ़ाई चिंता
घोटिया मोड़ को दुर्घटना की दृष्टि से खतरनाक स्थान यानी ब्लैक स्पॉट माना जाता है। यहां पहले भी सड़क हादसे होने की जानकारी सामने आती रही है। इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और दुर्घटना संभावित स्थानों पर सतर्कता की जरूरत को सामने ला दिया है।
तीनों युवकों की मौत से परिजनों और गांव में शोक व्याप्त है। नवरात्रि के अवसर पर पलारी जाने निकले तीनों युवकों की यात्रा दर्दनाक हादसे में समाप्त हो गई।



