छत्तीसगढ़

डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने सहसपुर लोहारा कॉलेज को दी 50 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात..

कबीरधाम। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा स्थित शासकीय गजानंद माधव मुक्तिबोध महाविद्यालय में 50 लाख रुपये के विकास कार्यों की घोषणा और शुरुआत की। उन्होंने 30 लाख रुपये की लागत से बनने वाले अतिरिक्त कक्ष का भूमिपूजन किया। इसके साथ ही महाविद्यालय में 15 लाख रुपये की लागत से बाउंड्रीवॉल और 5 लाख रुपये की लागत से बालिका शौचालय निर्माण कराने की घोषणा की।

14 अक्टूबर 2026 को आयोजित कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने महाविद्यालय में युवा शक्ति संवाद के माध्यम से विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने युवाओं को अनुशासन, मेहनत, स्पष्ट लक्ष्य और आधुनिक तकनीक का सही उपयोग कर अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया।

AI को अपनी ताकत बनाएं, उस पर निर्भर न रहें

युवा शक्ति संवाद में विजय शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक सीखनी चाहिए, लेकिन तकनीक पर पूरी तरह निर्भर नहीं होना चाहिए। उन्होंने चैटजीपीटी, क्लॉड, परप्लेक्सिटी और सोशल मीडिया जैसे तकनीकी माध्यमों की जानकारी रखने तथा उनका सकारात्मक उपयोग करने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि युवाओं को तकनीक का उपयोग अपनी जानकारी और कौशल बढ़ाने के लिए करना चाहिए। सफलता के लिए नियमित अभ्यास, धैर्य, अनुशासन और निरंतर मेहनत जरूरी है। विद्यार्थियों को परिणाम की चिंता करने के बजाय अपनी तैयारी और प्रयासों पर ध्यान देना चाहिए।

कॉलेजों में प्रतियोगी परीक्षाओं की ऑनलाइन कोचिंग की तैयारी

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि कवर्धा क्षेत्र के स्कूलों में डिजिटल बोर्ड लगाए जा रहे हैं। अब महाविद्यालयों में भी डिजिटल बोर्ड के माध्यम से पीएससी, एसएससी और यूपीएससी सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा।

उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी रुचि पहचानने, स्पष्ट लक्ष्य तय करने और नियमित पढ़ाई करने का आह्वान किया। कॉलेज को विद्यार्थियों का अपना संस्थान बताते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षक और विद्यार्थी मिलकर महाविद्यालय को बेहतर बनाने में योगदान दें।

अनुशासन को बताया सफलता की मजबूत नींव

विजय शर्मा ने यूनिफॉर्म में कॉलेज आने वाले विद्यार्थियों के अनुशासन की सराहना की। उन्होंने कहा कि अनुशासन जीवन में आगे बढ़ने की मजबूत नींव है। विद्यार्थियों को अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए पढ़ाई और कौशल विकास पर ध्यान देना चाहिए।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, नगरपालिका कवर्धा के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, साकम्बरी बोर्ड के सदस्य संतोष पटेल, लाला राम साहू, जनपद पंचायत लोहारा की अध्यक्ष दुर्गा ठाकुर, नगरपालिका लोहारा की अध्यक्ष सरिता मिश्रा, जिला पंचायत सभापति मनीराम साहू, नगरपालिका लोहारा के उपाध्यक्ष हेमंत साहू सहित जनप्रतिनिधि, महाविद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापक, कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

महाविद्यालय में अतिरिक्त कक्ष, बाउंड्रीवॉल और बालिका शौचालय के निर्माण से विद्यार्थियों को शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Back to top button