छत्तीसगढ़

इभानन साहू ने हांगकांग में जीता गोल्ड मेडल, राज्यपाल रमेन डेका ने दी बधाई..

रायपुर। छत्तीसगढ़ के इभानन साहू ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। हांगकांग में आयोजित स्पेशल ओलंपिक ईस्ट एशिया रीजनल बॉलिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाले इभानन साहू ने राज्यपाल रमेन डेका से लोकभवन में मुलाकात की। राज्यपाल ने उनकी उपलब्धि की सराहना करते हुए बधाई और शुभकामनाएं दीं। साथ ही, उन्हें प्रोत्साहन राशि प्रदान करने की पहल भी की।

हांगकांग में भारत का प्रतिनिधित्व कर जीता स्वर्ण पदक

22 वर्षीय इभानन साहू रायपुर के आकांक्षा लायंस इंस्टीट्यूट ऑफ लर्निंग एंड एम्पावरमेंट के छात्र हैं। ऑटिज्म से प्रभावित इभानन ने स्पेशल ओलंपिक ईस्ट एशिया रीजनल बॉलिंग प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व किया और स्वर्ण पदक हासिल किया।

उनकी इस उपलब्धि को राज्यपाल ने मेहनत, लगन और दृढ़ इच्छाशक्ति का प्रेरणादायी उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि इभानन की सफलता छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है।

संस्था को मिलेंगे 10 कंप्यूटर

राज्यपाल रमेन डेका ने विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की शिक्षा और सशक्तिकरण के लिए आकांक्षा लायंस इंस्टीट्यूट ऑफ लर्निंग एंड एम्पावरमेंट द्वारा किए जा रहे कार्यों की भी सराहना की।

संस्था के शैक्षणिक कार्यों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राज्यपाल ने अपने स्वेच्छानुदान मद से 10 कंप्यूटर उपलब्ध कराने की बात कही। इससे संस्था में पढ़ने वाले बच्चों को शिक्षा और तकनीकी संसाधनों का बेहतर लाभ मिलने की उम्मीद है।

उपलब्धि से दूसरे बच्चों को मिलेगी प्रेरणा

इभानन साहू की अंतरराष्ट्रीय सफलता विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की प्रतिभा और क्षमता को सामने लाती है। उनकी उपलब्धि से अन्य बच्चों और युवाओं को भी अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

इस अवसर पर संस्था के उपाध्यक्ष डॉ. नितिन धबलिया, निदेशक डॉ. साधना नायक, प्राचार्य प्रतिष्ठा शुक्ला, एच.एफ.ओ. नित्यानंद जैसवाल, इभानन की माता तेजश्री साहू और अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Back to top button