अंबिकापुर। अंबिकापुर केंद्रीय जेल में हत्या के आरोप में बंद 55 वर्षीय महिला कैदी की इलाज के दौरान मौत हो गई। तबीयत बिगड़ने के बाद उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल के एमआईसीयू में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को दे दी गई है।
मृतक महिला की पहचान मथुरा यादव (55 वर्ष) के रूप में हुई है। वह हत्या के एक मामले में गिरफ्तार होकर न्यायिक हिरासत में जेल में बंद थी। बताया गया कि मामला अभी न्यायालय में विचाराधीन है।
सूरजपुर जेल से अंबिकापुर लाई गई थी महिला
जानकारी के अनुसार, मथुरा यादव को 19 फरवरी 2026 को सूरजपुर जिला जेल से अंबिकापुर केंद्रीय जेल लाया गया था। जेल में रहने के दौरान उसकी तबीयत खराब होने लगी थी और प्रशासन की ओर से उसका इलाज कराया जा रहा था।
जेल अधीक्षक अक्षय सिंह राजपूत के मुताबिक, पहले तबीयत बिगड़ने पर महिला को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था। स्थिति में सुधार होने के बाद उसे वापस जेल भेज दिया गया। इसके बाद 17 सितंबर को उसकी तबीयत फिर बिगड़ गई, जिसके चलते गंभीर हालत में एमआईसीयू में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों से संपर्क का प्रयास जारी
जेल प्रशासन के अनुसार, महिला कैदी के रिकॉर्ड में दो अलग-अलग पते दर्ज हैं। इसके चलते उसके परिजनों का पता लगाने के लिए संबंधित थानों के माध्यम से जानकारी जुटाई जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, अभी तक किसी भी परिजन से संपर्क नहीं हो पाया है।
महिला से मिलने जेल में भी कोई परिजन नहीं पहुंचा था। प्रशासन अब उसके परिवार की तलाश में जुटा हुआ है।
कलेक्टर और जिला न्यायाधीश को दी गई सूचना
महिला कैदी की मौत की जानकारी जिला कलेक्टर और जिला एवं सत्र न्यायाधीश को दे दी गई है। जेल प्रशासन आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर रहा है।
यदि परिजन सामने आते हैं तो नियमानुसार वीडियोग्राफी कराकर शव उन्हें सौंपा जाएगा। परिजनों के नहीं मिलने की स्थिति में प्रशासन निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आगे की कार्रवाई करेगा।



