कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के लेमरू थाना क्षेत्र के ग्राम चिराईझुनझुना में झरने के नीचे फंसे एक युवक के शव को पुलिस और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। दुर्गम पहाड़ी, घने जंगल और फिसलन भरे रास्ते के कारण रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण रहा। शव को करीब 30 फीट नीचे से रस्सी के सहारे खींचकर बाहर निकाला गया। इसके बाद ग्रामीणों ने शव को खाट पर रखकर पैदल रास्ते से सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया।
मृतक की पहचान अंबिकापुर जिले के दरिमा निवासी रमेश अघरिया के रूप में हुई है। बताया गया कि युवक करीब एक सप्ताह पहले अपनी बुआ राधा बाई के घर घूमने आया था। उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
जानकारी के मुताबिक, रमेश के लापता होने का पता तब चला जब उसकी बुआ कार्यक्रम से लौटकर घर पहुंचीं। अगले दिन ग्रामीण अरविंद अघरिया को नाले के पास चड्डा और लुंगी पड़ी मिली। संदेह होने पर आसपास तलाश की गई, जहां झरने के नीचे पानी में शव फंसा हुआ दिखाई दिया।
सूचना मिलने के बाद लेमरू थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी लोकनाथ यादव के निर्देश पर पुलिस टीम ने ग्रामीणों की मदद से शव निकालने की कार्रवाई शुरू की। पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों ने सावधानी से करीब 30 फीट नीचे उतरकर शव को कपड़े में सुरक्षित बांधा और रस्सी के सहारे ऊपर खींचकर बाहर निकाला।
शव बाहर निकालने के बाद उसे घटनास्थल से बाहर लाना भी चुनौतीपूर्ण रहा। वाहन के पहुंचने का रास्ता नहीं होने के कारण ग्रामीणों ने शव को खाट पर रखा और पैदल रास्ते से बाहर लेकर आए। बाद में शव को आवश्यक कार्रवाई के लिए कोरबा जिला अस्पताल भेज दिया गया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। युवक झरने के नीचे कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद स्पष्ट होगा।



