छत्तीसगढ़

दो साल की बच्ची के गले में फंसा सेफ्टी पिन, डॉक्टरों ने दूरबीन से निकालकर बचाई जान..

जगदलपुर। बस्तर जिले के मावलीबेडा में एक दो साल की बच्ची के गले में सेफ्टी पिन फंसने से हड़कंप मच गया। खेलते समय बच्ची ने गलती से सेफ्टी पिन निगल लिया था, जो उसकी सांस की नली में जाकर फंस गया। इसके बाद उसे सांस लेने में परेशानी होने लगी। परिजन तत्काल उसे मेडिकल कॉलेज डिमरापाल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने दूरबीन पद्धति से सेफ्टी पिन निकालकर बच्ची की जान बचा ली।

जानकारी के अनुसार, दो वर्षीय मोनिका घर में खेल रही थी। इसी दौरान उसने सेफ्टी पिन निगल लिया। पिन सांस की नली में फंसने के बाद बच्ची को अचानक सांस लेने में तकलीफ होने लगी। बच्ची की हालत बिगड़ती देख परिजन बिना देर किए उसे मेडिकल कॉलेज डिमरापाल लेकर पहुंचे।

अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के दौरान पाया कि सेफ्टी पिन बच्ची की सांस की नली में फंसा हुआ है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सकों की टीम ने तत्काल उपचार शुरू किया। **दूरबीन पद्धति से सफलतापूर्वक सेफ्टी पिन बाहर निकाला गया।** समय पर उपचार मिलने से बच्ची की जान बच गई और प्रक्रिया के बाद उसकी हालत में सुधार बताया गया।

इस घटना के बाद डॉक्टरों ने छोटे बच्चों के माता-पिता से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। चिकित्सकों के अनुसार, बच्चों को खेलते समय सिक्के, पिन, छोटे खिलौने, बीज या ऐसी कोई भी छोटी वस्तु नहीं देनी चाहिए, जिसे वे गलती से निगल सकते हैं।

ऐसी वस्तुएं सांस की नली में फंसने पर बच्चे के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकती हैं। इसलिए किसी भी आपात स्थिति में घरेलू उपचार या देरी करने के बजाय **तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाना बेहद जरूरी है।**

Leave a Reply

Back to top button