छत्तीसगढ़

पाइपलाइन बिछाते समय जिंदा मिट्टी में दबा मजदूर, 4 दिन बाद मिला शव..

भानुप्रतापपुर। कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र के ग्राम हिंगनझर में नल-जल योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। 30 वर्षीय मजदूर रामदेव आंचला पाइपलाइन का घरेलू कनेक्शन जोड़ते समय गड्ढे में काम कर रहा था। इसी दौरान दूसरी ओर से मिट्टी भर रहे JCB चालक ने अनजाने में उसी स्थान पर मिट्टी डाल दी, जिससे मजदूर जिंदा ही मिट्टी में दब गया।

हादसे के समय अन्य मजदूर कुछ दूरी पर काम कर रहे थे, इसलिए किसी को घटना की जानकारी नहीं मिल सकी। दोपहर में मजदूर के लापता होने पर परिजनों और साथियों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद 31 जुलाई को पुलिस और ग्रामीणों की मौजूदगी में दोबारा खुदाई की गई, जहां करीब 10 मीटर नीचे मजदूर का शव बैठी हुई अवस्था में मिला।

शव मिलने के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया और उन्होंने JCB चालक के साथ मारपीट कर दी। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए चालक को हिरासत में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Back to top button