छत्तीसगढ़

CG Breaking: 3 अगस्त को CM हाउस का घेराव करेगी कांग्रेस, महंगी बिजली पर बड़ा आंदोलन..

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बढ़ते बिजली बिल और स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर कांग्रेस ने प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता में बताया कि पार्टी 1 से 3 अगस्त तक तीन दिवसीय चरणबद्ध आंदोलन चलाएगी। आंदोलन के तहत जिला मुख्यालयों में प्रेसवार्ता, घर-घर जनसंपर्क और आवेदन अभियान चलाने के बाद 3 अगस्त को रायपुर में मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा।

दीपक बैज ने आरोप लगाया कि प्रदेश में लगातार बढ़ रहे बिजली बिल और स्मार्ट मीटर की वजह से आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस गांव-गांव और शहर-शहर जाकर लोगों से संपर्क करेगी और बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाएगी।

कांग्रेस के कार्यक्रम के अनुसार 1 अगस्त को सभी जिला मुख्यालयों में प्रेसवार्ता आयोजित की जाएगी। 2 अगस्त को कार्यकर्ता घर-घर जाकर बिजली उपभोक्ताओं से संपर्क करेंगे और महंगे बिजली बिल व स्मार्ट मीटर के खिलाफ आवेदन भरवाएंगे। इसके बाद 3 अगस्त को प्रदेशभर से कांग्रेस कार्यकर्ता रायपुर पहुंचकर मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेंगे।

बैज ने कहा कि यदि सरकार बिजली दरों में राहत नहीं देती और उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान नहीं करती, तो कांग्रेस आंदोलन को और तेज करेगी। प्रेसवार्ता में प्रदेश कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Back to top button