छत्तीसगढ़

खेलते-खेलते नाले में गिरी 6 साल की बच्ची, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम..

कोंडागांव। जिले के नहरपारा स्थित कोपाबेड़ा जलाशय के पास गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 6 वर्षीय बच्ची चांदनी नाग की निर्माणाधीन नाले में डूबने से मौत हो गई। घटना के समय बच्ची अपने दोस्तों के साथ घर के बाहर खेल रही थी।

जानकारी के अनुसार, खेलते समय बच्ची फिसलकर नाले में गिर गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के दौरान दो अन्य बच्चे भी मौके पर मौजूद थे, जिन्हें समय रहते सुरक्षित बचा लिया गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कोपाबेड़ा जलाशय का सौंदर्यीकरण कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा है और मौके पर न तो बैरिकेडिंग की गई है और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया है। ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

Leave a Reply

Back to top button