बालोद। जिले के देवरी थाना क्षेत्र के खैरा गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के ही पिता-पुत्र ने लोहे की रॉड से हमला कर युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, 28 जुलाई को हीरामन सिंह (51) और उसके पुत्र कामेंद्र सिन्हा (26) ने पुरानी रंजिश के चलते हितेश सिन्हा पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में हितेश के शरीर में 20 से अधिक फ्रैक्चर आए। प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद देवरी पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को न्यायालय में पेश करने के बाद दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।



