छत्तीसगढ़

तालाब में तैरती मिली युवती की लाश, हत्या के बाद शव फेंकने की आशंका से मचा हड़कंप..

अभनपुर। छत्तीसगढ़ के अभनपुर क्षेत्र के लखना गांव में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के बीच स्थित तालाब में एक अज्ञात युवती का शव पानी में तैरता मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

ग्रामीणों ने तालाब में देखा शव

जानकारी के मुताबिक, सुबह ग्रामीणों की नजर तालाब में तैर रहे शव पर पड़ी। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

शव की पहचान अभी नहीं हो सकी है। ग्रामीणों के बीच युवती की हत्या कर शव तालाब में फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है।

पोस्टमार्टम के बाद खुलेगा मौत का राज

पुलिस शव को तालाब से बाहर निकालकर पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही युवती की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

फिलहाल पुलिस युवती की पहचान करने के साथ ही आसपास के इलाकों और परिस्थितियों की जांच में जुटी है। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं और लोगों में काफी दहशत है।

Leave a Reply

Back to top button