बलौदाबाजार। बलौदाबाजार पुलिस ने ज्वेलर्स से हुई करीब 12 लाख रुपये की लूट का बड़ा खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय डकैत गिरोह के चार हथियारबंद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं तथा इनके खिलाफ हत्या, लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट और चोरी समेत 100 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 26 लाख रुपये कीमत का माल बरामद किया है। इसमें सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, पिस्तौल, देशी कट्टा, 14 जिंदा कारतूस, तलवार, स्कॉर्पियो, दो बाइक और पांच मोबाइल फोन शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक, 16 जुलाई को दीपक ज्वेलर्स के संचालक बलराम सोनी से चार नकाबपोश बदमाशों ने हथियार के बल पर करीब 13 किलो चांदी और 70 ग्राम सोने के जेवर लूट लिए थे। घटना के बाद पुलिस ने विशेष जांच टीम गठित कर 1000 से अधिक CCTV फुटेज, AI आधारित वीडियो एनालिसिस और साइबर तकनीक की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह पहले इलाके की रेकी करता था और फिर हथियारों के दम पर वारदात को अंजाम देकर अलग-अलग रास्तों से फरार हो जाता था। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की तलाश में जुटी है।



