बिलासपुर। संजय दत्त के प्रशंसक गुरुदेव अवस्थी ने 29 जुलाई को अभिनेता का जन्मदिन मनाने के लिए एसडीएम से अनुमति मांगी थी, लेकिन पिछले साल सड़क पर हुए जाम और कानून-व्यवस्था की स्थिति का हवाला देते हुए आवेदन खारिज कर दिया गया।
इसके बाद उन्होंने हाईकोर्ट में याचिका दायर की। सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता ने कोर्ट को भरोसा दिलाया कि इस बार कार्यक्रम किसी सार्वजनिक सड़क पर नहीं, बल्कि शहर से दूर कोनी स्थित एक निजी क्लब के बंद हॉल में आयोजित किया जाएगा।
राज्य सरकार ने भी शर्तों के पालन पर कोई आपत्ति नहीं जताई। इसके बाद हाईकोर्ट ने सशर्त अनुमति देते हुए साफ कहा कि सार्वजनिक मार्ग बाधित नहीं होना चाहिए और ध्वनि प्रदूषण समेत सभी नियमों का पालन अनिवार्य होगा।
अब संजय दत्त का जन्मदिन निजी परिसर में मनाया जाएगा, जबकि प्रशासन कार्यक्रम की सभी शर्तों पर नजर रखेगा।



