दुर्ग-भिलाई-राजनांदगांव। सबसे पहले बात भिलाई स्टील प्लांट के करोड़ों रुपये के स्क्रैप और ऑस्ट्रेलियन कोक चोरी मामले की। इस हाई-प्रोफाइल केस में सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही सामने आने के बाद CISF के सात जवानों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इससे पहले बीएसपी प्रबंधन ने जीएम, इंजीनियर और अन्य अधिकारियों पर कार्रवाई की थी, जबकि पुलिस दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है।
दूसरी बड़ी खबर नाबालिग वाहन चालकों पर सख्ती से जुड़ी है। भिलाई ट्रैफिक पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने विशेष अभियान चलाकर 300 वाहनों की जांच की। इस दौरान 30 से अधिक नाबालिग छात्र-छात्राएं बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाते मिले। अभिभावकों को बुलाकर काउंसलिंग की गई और दोबारा उल्लंघन पर मोटर वाहन अधिनियम की धारा 199A के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी गई। साथ ही करीब 900 विद्यार्थियों और नागरिकों को सड़क सुरक्षा के नियमों का प्रशिक्षण भी दिया गया।
अब बात एक दर्दनाक हादसे की। अमलेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम जमरा के पास खारुन नदी में पिकनिक मनाने पहुंचे रायपुर निवासी 22 वर्षीय टोमेश ध्रुव की डूबने से मौत हो गई। दोस्तों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव के कारण वह लापता हो गया। एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर अगले दिन शव बरामद किया।
वहीं, राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ में भाजपा को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। शहर भाजपा मंडल के 111 सदस्यों ने सामूहिक रूप से पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफे की वजह मंडल अध्यक्ष से नाराजगी और संगठन में गुटबाजी बताई जा रही है। सोशल मीडिया पर सामूहिक इस्तीफे का पत्र भी सामने आया है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि भाजपा संगठन इस नाराजगी को कैसे दूर करता है।



