कोंडागांव। छत्तीसगढ़ पुलिस के लिए गर्व का पल सामने आया है। कोंडागांव जिले के पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है।
हैदराबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी (SVPNPA) में आयोजित 48वें IPS इंडक्शन ट्रेनिंग कोर्स में देशभर के विभिन्न कैडरों के IPS अधिकारियों ने हिस्सा लिया। इस प्रतिष्ठित प्रशिक्षण में कोंडागांव के SP पंकज चंद्रा ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर देश के टॉप-5 अधिकारियों में जगह बनाई।
उनके शानदार प्रदर्शन के लिए अकादमी ने उन्हें ‘हाई अचीवमेंट सर्टिफिकेट’ से सम्मानित किया। यह सम्मान केवल उन चुनिंदा अधिकारियों को दिया जाता है जो प्रशिक्षण के दौरान हर मानक पर बेहतरीन प्रदर्शन करते हैं।
इस ट्रेनिंग में अधिकारियों का मूल्यांकन क्लासरूम पार्टिसिपेशन, जनरल कंडक्ट, केस स्टडी और लिखित MCQ परीक्षा जैसे कड़े मापदंडों पर किया गया। पंकज चंद्रा ने इन सभी चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई।
विशेष बात यह है कि पंकज चंद्रा वर्तमान में नक्सल प्रभावित कोंडागांव जिले की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। उनकी यह उपलब्धि न केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि छत्तीसगढ़ पुलिस की पेशेवर क्षमता और उत्कृष्ट कार्यशैली का भी प्रमाण मानी जा रही है।
इस उपलब्धि के बाद पूरे पुलिस महकमे में खुशी का माहौल है। अधिकारियों और कर्मचारियों ने इसे छत्तीसगढ़ पुलिस के लिए गर्व का क्षण बताया है। राष्ट्रीय स्तर पर मिली यह सफलता आने वाले समय में प्रदेश के अन्य पुलिस अधिकारियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।



