जगदलपुर। बस्तर संभाग के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल डिमरापाल मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अस्पताल के वार्डों और गलियारों में टॉयलेट का गंदा पानी फैलने से मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इससे संक्रमण फैलने का खतरा भी बढ़ गया है।
बताया जा रहा है कि वर्ष 2018 में अस्पताल निर्माण के दौरान कम क्षमता की सीवरेज पाइपलाइन बिछाई गई थी, जिसके कारण यह समस्या लगातार बनी हुई है। करोड़ों रुपये की स्वीकृति के बावजूद सीवरेज व्यवस्था में सुधार नहीं हो सका। स्थिति गंभीर होने पर अस्पताल अधीक्षक डॉ. अनुरूप साहू ने स्वयं कर्मचारियों के साथ सफाई अभियान चलाया। स्थानीय लोगों और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने मरीजों की सुरक्षा को देखते हुए तत्काल स्थायी समाधान और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।



