छत्तीसगढ़

SP ऑफिस वेतन घोटाला: जांच में बड़ा खुलासा, 3.40 करोड़ की वित्तीय गड़बड़ी उजागर..

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर स्थित पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय में सामने आए वेतन घोटाले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे इस मामले में नए खुलासे हो रहे हैं। शुरुआती जांच में करीब 2 करोड़ रुपये की वित्तीय अनियमितता का अनुमान लगाया गया था, लेकिन अब जांच में यह राशि बढ़कर 3 करोड़ 40 लाख रुपये तक पहुंच गई है। इससे साफ है कि मामला पहले की आशंका से कहीं अधिक बड़ा और गंभीर है।

जांच एजेंसियों के अनुसार, यह फर्जीवाड़ा वर्ष 2023 से 2026 के बीच अंजाम दिया गया। जांच में सामने आया है कि एसपी कार्यालय के अकाउंट सेक्शन में पदस्थ एक बाबू ने दो अन्य लोगों के साथ मिलकर वेतन भुगतान से जुड़े दस्तावेजों में हेरफेर किया। आरोप है कि सैलरी नोटशीट की हार्ड कॉपी में छेड़छाड़ कर भुगतान की राशि में बदलाव किया जाता था, जिसके जरिए सरकारी धन का गबन किया गया।

मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। अदालत में पेशी के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

जांच अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल दस्तावेजों की गहन पड़ताल जारी है। ऐसे में घोटाले की कुल रकम में और बढ़ोतरी होने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। जांच का दायरा बढ़ाया गया है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस पूरे फर्जीवाड़े में अन्य लोगों की भूमिका तो नहीं रही।

इस बहुचर्चित वेतन घोटाले के सामने आने के बाद पुलिस विभाग की वित्तीय कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। अब सभी की नजर जांच एजेंसियों की अगली कार्रवाई और संभावित नए खुलासों पर टिकी हुई है।

Leave a Reply

Back to top button