धमतरी। धमतरी जिले को नई पुलिस अधीक्षक (SP) मिल गई हैं। भारतीय पुलिस सेवा (IPS) की वरिष्ठ अधिकारी भावना पांडेय ने रविवार को धमतरी के पुलिस अधीक्षक के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया। निवर्तमान एसपी सूरज सिंह परिहार ने विभागीय प्रक्रिया के तहत उन्हें कार्यभार सौंपते हुए जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा, संवेदनशील मामलों और चल रहे विशेष अभियानों की विस्तृत जानकारी दी।
पदभार ग्रहण समारोह में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, एसडीओपी, डीएसपी सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने नई एसपी का स्वागत करते हुए उनके नेतृत्व में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने का भरोसा जताया।
पदभार संभालने के बाद IPS भावना पांडेय ने स्पष्ट किया कि धमतरी पुलिस की पहली प्राथमिकता आम जनता की सुरक्षा, अपराधों पर त्वरित कार्रवाई और कानून-व्यवस्था बनाए रखना होगी। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं संवाद को और अधिक मजबूत किया जाएगा, ताकि लोगों की समस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से समाधान हो सके।
नई एसपी ने महिला एवं बाल सुरक्षा को भी प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि आम नागरिकों की शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही टीमवर्क, अनुशासन, जवाबदेही और सेवा भावना के साथ कार्य करने पर विशेष जोर दिया।
इसके बाद भावना पांडेय ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने लंबित प्रकरणों, अभिलेखों और कार्यालयीन व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए सभी मामलों के शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता आधारित पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा, ताकि आम लोगों का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हो।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय, नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक कुमार चतुर्वेदी, एसडीओपी रागिनी मिश्रा, डीएसपी मोनिका मरावी, डीएसपी मीना साहू, रक्षित निरीक्षक दीपक शर्मा सहित पुलिस विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।



