छत्तीसगढ़

कलयुगी बेटे का खूनी खेल: टंगिया से वार कर मां की बेरहमी से हत्या..

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। कोतवाली थाना क्षेत्र के व्यासकोंगेरा स्थित फरसीपारा में एक बेटे ने शराब के नशे में अपनी ही मां की टंगिया से हमला कर हत्या कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 2 से 4 बजे के बीच व्यासकोंगेरा निवासी भीखम उसेंडी शराब पीकर घर पहुंचा। इसी दौरान उसकी 61 वर्षीय मां बुधयारिन बाई से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी बढ़ने पर आरोपी ने घर में रखे टंगिया से मां पर ताबड़तोड़ वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को संजीवनी 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजा गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

कोतवाली थाना प्रभारी जितेंद्र साहू ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया। पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Back to top button