छत्तीसगढ़

आमने-सामने भिड़ीं दो बाइक, शॉर्ट सर्किट से लगी आग, दो युवकों की मौके पर मौत..

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। वाड्रफनगर-बलंगी मार्ग पर चुरैला नाला के पास दो बाइकों की आमने-सामने हुई भीषण भिड़ंत में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला और एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद दोनों बाइकों में आग लगने से घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोपहर करीब 2 से 2:30 बजे के बीच तेज रफ्तार से आ रही दो बाइक आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चारों लोग सड़क पर दूर जा गिरे। कुछ ही क्षणों में दोनों बाइकों में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई और देखते ही देखते बाइकें धू-धू कर जलने लगीं।

हादसे में जान गंवाने वाले युवकों में से एक की कुछ महीने पहले ही शादी हुई थी। वह अपनी पत्नी को ससुराल से लेकर घर लौट रहा था। इस दर्दनाक हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि हादसे के समय क्षेत्र में बारिश हो रही थी। फिसलन भरी सड़क और तेज रफ्तार के कारण दोनों बाइक चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सके और आमने-सामने टकरा गए। टक्कर के बाद शॉर्ट सर्किट से दोनों बाइकों में आग लग गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।

इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है।

Leave a Reply

Back to top button