रायपुर। राजधानी रायपुर में एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक्सपायरी मिल्क पाउडर पीने के बाद एक नवजात बच्ची की मौत हो गई। परिजनों ने मेकाहारा चौक स्थित एक निजी मेडिकल स्टोर पर एक्सपायरी मिल्क पाउडर बेचने का आरोप लगाया है। शिकायत के बाद मौदहापारा थाना पुलिस ने मेडिकल स्टोर संचालक को नोटिस जारी कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, चंद्रशेखर कन्नोजे की पत्नी डागेश्वरी कन्नोजे ने 29 जून को जुड़वा बच्चियों को जन्म दिया था। मां का दूध पर्याप्त नहीं होने पर डॉक्टर ने मिल्क पाउडर देने की सलाह दी। इसके बाद 30 जून को मेकाहारा गेट के पास स्थित एक निजी मेडिकल स्टोर से मिल्क पाउडर खरीदा गया।
परिजनों का आरोप है कि उसी मिल्क पाउडर से तैयार दूध पिलाने के बाद एक नवजात की तबीयत बिगड़ने लगी। 4 जुलाई को बच्ची की हालत गंभीर होने पर उसे अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया, जहां दो दिन तक इलाज के बाद उसकी मौत हो गई।
परिजनों का दावा है कि इलाज के दौरान डॉक्टरों ने मिल्क पाउडर के डिब्बे की जांच की, जिसमें एक्सपायरी डेट निकल चुकी थी। डॉक्टरों ने आशंका जताई कि बच्ची की तबीयत एक्सपायरी मिल्क पाउडर पीने के कारण बिगड़ी।
परिवार का आरोप है कि जब वे शिकायत लेकर मेडिकल स्टोर पहुंचे तो संचालक और कर्मचारियों ने उनके हाथ से एक्सपायरी मिल्क पाउडर का डिब्बा छीन लिया और उसकी जगह दूसरा डिब्बा थमा दिया। इसके बाद पीड़ित परिवार ने मौदहापारा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
सहायक पुलिस आयुक्त दीपक मिश्रा ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद मेडिकल स्टोर संचालक को सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने का नोटिस जारी किया गया है। वहीं, मामले की जांच के लिए सीएमएचओ कार्यालय को भी पत्र भेजा गया है। पुलिस सभी संबंधित पक्षों के बयान दर्ज कर रही है।
फिलहाल मामले की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि नवजात की मौत का वास्तविक कारण क्या था और किसी प्रकार की लापरवाही हुई या नहीं।



