छत्तीसगढ़

मेकाहारा में ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप..

रायपुर/चिरमिरी। राजधानी रायपुर स्थित मेकाहारा अस्पताल में पथरी के ऑपरेशन के दौरान एक महिला की मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान चिरमिरी के बड़ा बाजार निवासी पूनम गुप्ता के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों पर इलाज में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।

परिजनों के अनुसार, पूनम गुप्ता को पथरी की समस्या के चलते मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि ऑपरेशन से पहले उनका ब्लड प्रेशर और शुगर लेवल सामान्य से काफी अधिक था। इसके बावजूद चिकित्सकों ने सर्जरी करने का निर्णय लिया और ऑपरेशन के दौरान उनकी मौत हो गई।

मृतका के ससुर एवं सेवानिवृत्त पुलिस निरीक्षक जगदीश गुप्ता ने आरोप लगाया कि डॉक्टरों को पहले मरीज की स्थिति सामान्य करनी चाहिए थी या ऑपरेशन को टाल देना चाहिए था। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

घटना के बाद परिवार में शोक और आक्रोश का माहौल है। फिलहाल अस्पताल प्रबंधन की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। मामले को लेकर परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Back to top button