कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) कार्यालय के अंदर एक सुरक्षाकर्मी का शव फंदे पर लटका मिलने से हड़कंप मच गया। घटना सोमवार सुबह उस समय सामने आई, जब मृतक के परिजन उससे संपर्क नहीं कर सके। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, 25 वर्षीय विनोद सोनवानी कलेक्टोरेट के पास स्थित LIC कार्यालय में नाइट शिफ्ट में सुरक्षाकर्मी के रूप में ड्यूटी पर तैनात था। सोमवार सुबह कई बार फोन करने के बावजूद जब उसने कॉल रिसीव नहीं किया, तो उसके पिता कार्यालय पहुंचे। वहां अंदर विनोद का शव फंदे से लटका मिला।
घटना की सूचना मिलते ही कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। सिविल लाइन थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य और मौके पर मिले सामान को जब्त कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी आस्था शर्मा ने बताया कि मृतक के परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के कारणों और परिस्थितियों की हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि सुरक्षाकर्मी ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया।



