धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं मजबूत बनाने के उद्देश्य से निरीक्षक, सहायक उपनिरीक्षक (ASI) और आरक्षकों सहित कुल 12 अधिकारियों एवं कर्मचारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं।
जारी आदेश के अनुसार जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों और शाखाओं में पदस्थ पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का स्थानांतरण किया गया है। इस प्रशासनिक बदलाव के तहत तापेश्वर सिंह नेताम को भखारा थाना प्रभारी की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी आदेश में सभी स्थानांतरित अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने नवीन पदस्थापना स्थल पर शीघ्र कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग का मानना है कि इस फेरबदल से कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने में मदद मिलेगी।
धमतरी पुलिस में हुए इस बड़े बदलाव को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पुलिस महकमे में जारी तबादला सूची के बाद अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच नई जिम्मेदारियों को लेकर चर्चाओं का दौर भी शुरू हो गया है। 




