छत्तीसगढ़

SECL ने रचा नया इतिहास: पहली तिमाही में कोयला उत्पादन, डिस्पैच और OBR के सभी रिकॉर्ड ध्वस्त..

रायपुर। कोल इंडिया की प्रमुख अनुषंगी कंपनी साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) ने वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए कोयला उत्पादन, डिस्पैच (ऑफटेक) और ओवरबर्डन रिमूवल (OBR) के क्षेत्र में अब तक का सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड बनाया है। कंपनी ने सभी प्रमुख परिचालन मानकों में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज कर देश की ऊर्जा सुरक्षा को और मजबूत किया है।

SECL द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, पहली तिमाही में कंपनी ने 44.10 मिलियन टन कोयले का उत्पादन किया, जो पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि की तुलना में 7.19 प्रतिशत अधिक है। वहीं, 48.79 मिलियन टन कोयले का डिस्पैच कर कंपनी ने नया रिकॉर्ड बनाया। यह पिछले वर्ष की तुलना में 5.29 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।

कोयला उत्पादन बढ़ाने के लिए आवश्यक ओवरबर्डन रिमूवल (OBR) में भी SECL ने शानदार प्रदर्शन किया। पहली तिमाही के दौरान कंपनी ने 99.36 मिलियन क्यूबिक मीटर (MCuM) ओबीआर किया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 5.62 प्रतिशत अधिक है।

जून 2026 में अकेले 34.05 मिलियन क्यूबिक मीटर OBR दर्ज किया गया, जो मासिक लक्ष्य से लगभग 10 प्रतिशत अधिक है। इतना ही नहीं, यह पिछले वर्ष जून की तुलना में 17.3 प्रतिशत की वृद्धि भी दर्शाता है। कंपनी का मानना है कि बेहतर OBR से आने वाले महीनों में कोयला उत्पादन और अधिक गति पकड़ेगा।

आधुनिक फर्स्ट माइल कनेक्टिविटी (FMC) प्रणाली के माध्यम से भी SECL ने नई उपलब्धि हासिल की है। पहली तिमाही में 19.58 मिलियन टन कोयले की धूल-मुक्त और पर्यावरण-अनुकूल लोडिंग की गई, जो पिछले वर्ष की तुलना में 19.7 प्रतिशत अधिक है। इस तकनीक से कोयले की तेज, सुरक्षित और बेहतर गुणवत्ता वाली आपूर्ति सुनिश्चित हो रही है।

देश में भीषण गर्मी और बढ़ती बिजली मांग के बीच SECL ने बिजली उत्पादन कंपनियों को पर्याप्त मात्रा में कोयले की आपूर्ति कर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पहली तिमाही में 37.79 मिलियन टन कोयला बिजली क्षेत्र को उपलब्ध कराया गया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 5.4 प्रतिशत अधिक है। इससे देश में बिजली उत्पादन सुचारू बनाए रखने में मदद मिली।

ओपनकास्ट परियोजनाओं के साथ-साथ SECL की भूमिगत खदानों का प्रदर्शन भी उल्लेखनीय रहा। पहली तिमाही में 3.17 मिलियन टन भूमिगत कोयले का उत्पादन हुआ, जो पिछले वर्ष की तुलना में 23.35 प्रतिशत अधिक है। यह पिछले छह वर्षों में किसी भी पहली तिमाही का सर्वश्रेष्ठ भूमिगत उत्पादन माना जा रहा है।

SECL के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहान ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि का श्रेय कंपनी के कर्मचारियों की मेहनत, बेहतर परिचालन रणनीति और आधुनिक तकनीकों के प्रभावी उपयोग को दिया। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान भी उत्पादन और आपूर्ति प्रभावित न हो, इसके लिए सभी परियोजनाओं में व्यापक तैयारियां की गई हैं। कंपनी का लक्ष्य पूरे वित्तीय वर्ष में इसी गति को बनाए रखते हुए नए रिकॉर्ड कायम करना है।

उन्होंने कहा कि SECL भविष्य में भी उत्पादन क्षमता बढ़ाने, आधुनिक तकनीकों को अपनाने और पर्यावरण संरक्षण के साथ देश की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Back to top button