बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के तखतपुर से पुलिस विभाग को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। शादी का झांसा देकर एक युवती के साथ तीन वर्षों तक दुष्कर्म करने के आरोप में आरक्षक सुमंत मिरी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी पहले तखतपुर थाने में पदस्थ था और वर्तमान में लाइन अटैच बताया जा रहा है।
पीड़िता की शिकायत के अनुसार, वर्ष 2023 में सोशल मीडिया के माध्यम से उसकी पहचान आरक्षक सुमंत मिरी से हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और आरोपी ने शादी का वादा कर युवती का विश्वास जीत लिया। इसके बाद उसने लगातार शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। उसने अपनी वैवाहिक स्थिति युवती से छिपाकर रखी और लंबे समय तक उसे धोखे में रखकर संबंध बनाता रहा।
पीड़िता ने जब शादी करने का दबाव बनाया तो आरोपी उससे दूरी बनाने लगा और विवाद करने लगा। खुद को ठगा महसूस करने के बाद युवती ने तखतपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी आरक्षक को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
तखतपुर थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और दोषी पाए जाने पर विभागीय एवं कानूनी स्तर पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।








