धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के कुरूद थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। गोजी गांव में एक मां और उसके छोटे बेटे ने मिलकर परिवार के बड़े बेटे की कथित तौर पर हत्या कर दी। आरोप है कि पहले युवक का नारियल की रस्सी से गला घोंटा गया, फिर उसे कीटनाशक पिलाया गया और घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया गया।
मृतक की पहचान 23 वर्षीय नरसिंग साहू के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में मृतक की 60 वर्षीय मां कमला बाई साहू और छोटे भाई नरेश साहू (22) को गिरफ्तार कर लिया है।
शराब की लत बनी विवाद की वजह
पुलिस जांच के अनुसार, नरसिंग साहू को शराब पीने की लत थी। वह अक्सर शराब के लिए घरवालों से पैसे मांगता था और मना करने पर विवाद करता था। घटना वाले दिन भी पैसों को लेकर घर में कहासुनी हुई, जिसके बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
हत्या के बाद आत्महत्या का दिया रूप
प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हुआ था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाने और अन्य संदिग्ध परिस्थितियों के संकेत मिलने के बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया। पूछताछ के दौरान मां और छोटे बेटे ने पहले पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन बाद में अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
दोनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल कर रही है।



