छत्तीसगढ़

भाजपा नेता के नेतृत्व में हाईवे जाम, आखिर हाईवे जाम कर सड़क पर उतरे ग्रामीण..

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सड़क पर उतर आया। देवभोग थाना क्षेत्र के मुड़ागांव में सीसी सड़क निर्माण नहीं होने से नाराज भाजयुमो जिला अध्यक्ष हेमंत नागेश ने सैकड़ों ग्रामीणों के साथ नेशनल हाईवे-130सी पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष शामिल हुए और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

ग्रामीणों का कहना है कि करलाकोट पारा में पिछले दो वर्षों से सीसी सड़क की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बारिश के मौसम में पूरा गांव कीचड़ से भर जाता है, जिससे एंबुलेंस, अन्य वाहन और स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और प्रदर्शनकारियों को समझाइश दी। करीब एक घंटे बाद पुलिस ने हाईवे खाली कराकर यातायात बहाल कराया।

भाजयुमो जिला अध्यक्ष हेमंत नागेश ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कई बार दिए गए आवेदनों पर ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन समय रहते सड़क निर्माण की दिशा में कार्रवाई करता, तो ग्रामीणों को सड़क पर उतरने की नौबत नहीं आती।

इस दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष भी मौके पर पहुंचे और गांव का जायजा लिया। उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब सत्तारूढ़ दल अपने नेताओं के गांव की समस्याएं नहीं सुलझा पा रहा है, तो आम जनता की स्थिति का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है।

Leave a Reply

Back to top button