छत्तीसगढ़

स्मार्ट मीटर के खिलाफ फूटा जनाक्रोश: दुर्ग कलेक्ट्रेट के सामने लोगों ने तोड़े मीटर, बिजली बिलों पर किया जोरदार प्रदर्शन..

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिलों को लेकर लोगों का गुस्सा बुधवार को खुलकर सामने आया। बड़ी संख्या में उपभोक्ता जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे और स्मार्ट मीटरों के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने अपने साथ लाए स्मार्ट मीटरों को कलेक्ट्रेट परिसर के सामने सड़क पर पटककर तोड़ दिया और सरकार व बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारियों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए स्मार्ट मीटरों को हटाकर पुराने मीटर दोबारा लगाने तथा बढ़े हुए बिजली बिलों की समीक्षा करने की मांग की। उनका कहना है कि राज्य में बिजली उत्पादन के पर्याप्त संसाधन होने के बावजूद आम उपभोक्ताओं पर लगातार महंगी बिजली का बोझ डाला जा रहा है।

लोगों का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिना बिजली खपत बढ़े ही बिलों में अचानक भारी वृद्धि हो गई है, जिससे मध्यम और निम्न आय वर्ग के परिवार आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। प्रदर्शन में शामिल नागरिकों ने स्मार्ट मीटरों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए इसकी निष्पक्ष जांच की मांग की।

प्रदर्शनकारियों का यह भी आरोप है कि कई स्थानों पर उपभोक्ताओं की सहमति के बिना स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं और विरोध करने पर बिजली कनेक्शन काटने की चेतावनी दी जाती है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो पूरे प्रदेश में इस मुद्दे पर व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

Leave a Reply

Back to top button