बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बालोद थाना क्षेत्र के नेवारीकला गांव में पहली पत्नी ने कथित तौर पर अपनी सौतन की गन्ना काटने वाली आरी से गला काटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान 47 वर्षीय दयाबाई सोनकर के रूप में हुई है। उसका पति चिम्मनलाल साहू मजदूरी करता है। जानकारी के मुताबिक, चिम्मनलाल की पहली पत्नी अमृत बाई साहू से दो बेटे हैं। करीब पांच वर्ष पहले उसने दयाबाई से भी विवाह कर लिया था, जिसके बाद दोनों महिलाएं एक ही परिवार में रह रही थीं।
पति के ज्यादा स्नेह को लेकर था विवाद
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पहली पत्नी को लगता था कि उसका पति दूसरी पत्नी को अधिक महत्व और प्यार देता है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार, इसी नाराजगी के चलते हत्या की साजिश रची गई।
देर रात सोते समय किया हमला
बताया जा रहा है कि सोमवार देर रात जब घर के सभी सदस्य सो रहे थे, तभी आरोपी महिला ने कथित तौर पर गन्ना काटने वाली आरी से दूसरी पत्नी की गर्दन पर हमला कर दिया। वारदात के बाद उसने कपड़े बदले और सामान्य होने का प्रयास किया।
सुबह खुला हत्या का राज
मंगलवार तड़के परिजन और रिश्तेदारों ने दयाबाई को खून से लथपथ हालत में देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू की। पूछताछ एवं साक्ष्यों के आधार पर पहली पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।



