रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बड़ा फेरबदल किया है। आदिम जाति विकास विभाग ने जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों (CEO) समेत 33 अधिकारियों के तबादले करते हुए नई पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। सभी स्थानांतरण तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार, जनपद पंचायतों के CEO, प्रभारी CEO, सहायक आयुक्त, क्षेत्र संयोजक तथा अन्य अधिकारियों को प्रदेश के विभिन्न जिलों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी स्थानांतरित अधिकारी 15 दिनों के भीतर अपने नए पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण कर इसकी सूचना विभाग को उपलब्ध कराएं।
इस तबादला सूची में गरियाबंद, बस्तर, नारायणपुर, सरगुजा, सूरजपुर, कोरबा, जशपुर, कांकेर, बीजापुर, सुकमा, दंतेवाड़ा, धमतरी, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बलरामपुर सहित कई जिलों के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। सरकार का उद्देश्य प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाना और विकास योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना बताया जा रहा है।
प्रमुख तबादलों की बात करें तो गरियाबंद जनपद पंचायत के CEO अमजद जाफरी को आदिम जाति एवं अनुसूचित जनजाति विकास आयुक्त कार्यालय, नया रायपुर में पदस्थ किया गया है। वहीं जगदलपुर के CEO अमित भाटिया को नारायणपुर जिले के ओरछा जनपद पंचायत का CEO बनाया गया है। रामानुजनगर के प्रभारी CEO संजय कुमार राय को कोरबा जनपद पंचायत की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा कुनकुरी, बीजापुर, कोंटा, मैनपुर, बस्तर, दंतेवाड़ा और नारायणपुर सहित कई जनपद पंचायतों में भी नए CEO एवं प्रभारी CEO की नियुक्ति की गई है।
सरकार के इस फैसले को प्रशासनि
क कार्यप्रणाली में गति लाने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। तबादलों के बाद संबंधित जिलों में विकास कार्यों और विभागीय गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।



