छत्तीसगढ़

कोरबा में हसदेव डैम से युवती का शव बरामद, एक दिन से थी लापता; मौत के कारणों की जांच में जुटी पुलिस..

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में मंगलवार सुबह हसदेव डैम से 30 वर्षीय एक युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवती सोमवार सुबह घर से निकली थी, जिसके बाद वह लापता हो गई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान नंदनी मेहर (30 वर्ष), पिता नरेश मेहर, निवासी नीलगिरि सिंचाई कॉलोनी, दर्री थाना क्षेत्र के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 11 बजे नंदनी घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। इसके बाद परिवार ने उसकी तलाश शुरू की, मगर उसका कोई सुराग नहीं मिला।

मछुआरों ने डैम में देखा शव

मंगलवार सुबह हसदेव डैम में मछली पकड़ने पहुंचे मछुआरों की नजर पानी में तैर रहे एक शव पर पड़ी। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाया।

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने शव की पहचान नंदनी मेहर के रूप में की।

ब्यूटी पार्लर में सीख रही थी काम

परिजनों के अनुसार, नंदनी एक ब्यूटी पार्लर में प्रशिक्षण लेने जाती थी। उसके अचानक लापता होने से परिवार चिंतित था और लगातार उसकी तलाश कर रहा था। इसी बीच डैम में युवती का शव मिलने की सूचना मिली, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे।

हर पहलू से जांच कर रही पुलिस

पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले के सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

Leave a Reply

Back to top button