अंबिकापुर/सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में सोमवार को मौसम बदलने के साथ एक दर्दनाक हादसा हो गया। धौरपुर थाना क्षेत्र के डुमकी गांव में पेड़ पर आकाशीय बिजली गिरने से दो मासूम बच्चों और एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 वर्षीय एक बच्ची गंभीर रूप से झुलस गई। घायल बच्ची का इलाज धौरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है।
जानकारी के मुताबिक, डुमकी गांव में बारिश शुरू होने के दौरान तीन बच्चे पेड़ के नीचे गिरे आम बीन रहे थे। उसी समय मवेशी चरा रहा 36 वर्षीय राम साय भी बारिश से बचने के लिए उसी पेड़ के नीचे आकर खड़ा हो गया। तभी अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे पेड़ पर गिर गई।
इस हादसे में 5 वर्षीय सागर, 9 वर्षीय रानी और 36 वर्षीय राम साय की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सागर की 12 वर्षीय बहन श्रद्धा बिजली की चपेट में आने से झुलस गई।
हादसे में जान गंवाने वाली रानी बलरामपुर जिले के डबरा गांव की रहने वाली थी। वह अपने रिश्तेदारों के घर धौरपुर आई हुई थी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मौसम विभाग के अनुसार, सरगुजा संभाग में लंबे समय से उमस और सूखे जैसी स्थिति बनी हुई थी। सोमवार को उदयपुर, लखनपुर, लुंड्रा, बतौली और आसपास के इलाकों में तेज बारिश के साथ गरज-चमक हुई। विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान भी कई क्षेत्रों में तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गरज-चमक और बारिश के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े होने, खुले मैदान में रहने और बिजली के खंभों के पास जाने से बचें। मौसम खराब होने पर सुरक्षित स्थान पर ही शरण लें।



