धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के लिए गर्व की खबर सामने आई है। समाज कल्याण विभाग द्वारा अनुदानित विशेष विद्यालय ‘सार्थक स्कूल’ के छात्र सत्यांशु दीप का चयन स्पेशल ओलंपिक्स भारत की भारतीय फुटबॉल टीम में हुआ है। अब वे 12 से 16 जुलाई 2026 तक स्वीडन में आयोजित स्पेशल ओलंपिक्स गोथिया ट्रॉफी-2026 अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
सत्यांशु की इस उपलब्धि ने न सिर्फ उनके परिवार और विद्यालय, बल्कि पूरे धमतरी जिले और छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है। उनका चयन यह साबित करता है कि यदि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को सही प्रशिक्षण, बेहतर मार्गदर्शन और उचित अवसर मिलें, तो वे अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर सकते हैं।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, सत्यांशु ने नियमित अभ्यास, अनुशासन, कड़ी मेहनत और उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के दम पर भारतीय टीम में अपनी जगह बनाई है। उनकी सफलता अन्य दिव्यांग एवं विशेष बच्चों के लिए प्रेरणा बनेगी और उन्हें अपने सपनों को पूरा करने का आत्मविश्वास देगी।
समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित एवं अनुदानित विशेष विद्यालयों का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, खेल, जीवन कौशल और व्यक्तित्व विकास के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। सत्यांशु दीप का भारतीय टीम में चयन इन प्रयासों की सफलता का भी एक प्रेरणादायक उदाहरण माना जा रहा है।
सत्यांशु अब स्वीडन में आयोजित प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत की ओर से मैदान में उतरेंगे। पूरे प्रदेशवासियों को उनसे बेहतरीन प्रदर्शन और पदक की उम्मीद है।



