रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। आईटीआई कॉलोनी में घर के अंदर लगे विंडो एसी के कंप्रेसर में अचानक हुए जोरदार विस्फोट से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
जानकारी के मुताबिक, हादसे में आईटीआई कॉलोनी निवासी पुरुषोत्तम पटेल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनका बेटा राजवीर पटेल गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एसी कंप्रेसर में हुए तेज धमाके के बाद घर में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि एसी के पास खड़ी दो मोटरसाइकिलें भी उसकी चपेट में आ गईं और पूरी तरह जलकर खाक हो गईं।
धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। कुछ देर के लिए पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही चक्रधरनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में एसी कंप्रेसर फटने को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।



