बिलासपुर। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के आधार पर चकरभाठा पुलिस ने खतरनाक स्टंट करने वाले वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। वायरल वीडियो में एक युवक और युवती चलती कार की सनरूफ से बाहर निकलकर स्टंट करते नजर आए, जिससे सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई।
जानकारी के अनुसार यह मामला रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे का है, जहां एक क्रेटा कार में सवार युवक और युवती ने तेज रफ्तार वाहन की सनरूफ से बाहर निकलकर स्टंटबाजी की। इस दौरान जरा सी चूक बड़ा हादसा साबित हो सकती थी।
वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और जांच शुरू की। जांच के दौरान वीडियो में दिखाई दे रही कार की पहचान CG-10-BE-4400 नंबर की क्रेटा के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने वाहन को जब्त कर चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की।
चकरभाठा पुलिस ने कहा कि सार्वजनिक सड़कों पर इस तरह की लापरवाही न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की जान को भी खतरे में डालती है। पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर लोकप्रियता के लिए जान जोखिम में डालने वाले स्टंट से बचने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।



