छत्तीसगढ़

महासमुंद में सनसनी: नाले किनारे रेत में दबा मिला युवती का शव..

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। खल्लारी थाना क्षेत्र के रामखेड़ा झारा नाला के पास रेत में दबी एक अज्ञात युवती की लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। शव की स्थिति को देखते हुए हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा जांच शुरू कर दी।

जानकारी के मुताबिक स्थानीय ग्रामीणों ने नाले के पास रेत में दबा हुआ शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि युवती के शव का आधा हिस्सा रेत के बाहर था, जबकि शेष हिस्सा रेत में दबा हुआ था। यह दृश्य देखकर क्षेत्र में दहशत और कौतूहल का माहौल बन गया। घटना की खबर फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।

पुलिस को घटनास्थल से युवती की एक चप्पल और बालों का गुच्छा बरामद हुआ है। शुरुआती जांच में शव करीब दो दिन पुराना बताया जा रहा है। शव की स्थिति और घटनास्थल के हालात को देखते हुए पुलिस हत्या की आशंका से इनकार नहीं कर रही है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

मृत युवती की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के जिलों और थानों में दर्ज गुमशुदगी मामलों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही आसपास के ग्रामीणों और संभावित प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि युवती की शिनाख्त और घटना के पीछे की सच्चाई सामने आ सके।

पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।

Leave a Reply

Back to top button